त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज उदय शंकर नाट्य अकादमी और एसएसजे विश्वविद्यालय के लोअर कैंपस स्थित ऑडिटोरियम में पोलिंग पार्टियों को सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 360 पोलिंग पार्टियों के लगभग 1800 मतदान कार्मिकों को मतदान प्रक्रिया से जुड़ी बारीकियों की जानकारी दी गई। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी सहित 5 सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्मिकों को मतदाता सूची, मतपत्र, मतपेटी संचालन से लेकर प्रपत्रों की सही भराई और मतगणना पूर्व तैयारियों की पूरी जानकारी देना था। प्रशिक्षण में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने स्वयं मौजूद रहकर सभी मतदान कार्मिकों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक कर्मी को चुनाव प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी हो, जिससे आगामी पंचायत चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनरों ने मतदान की प्रक्रिया, प्रपत्रों की भराई, पोलिंग पार्टी की जिम्मेदारियों एवं मतगणना से पूर्व की जाने वाली तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर अपर सांख्यिकी अधिकारी अशोक कुमार, प्रवक्ता डायट डॉ हेम जोशी, जिला समन्वयक समग्र शिक्षा नीरज जोशी, प्रवक्ता कपिल नयाल, विनोद राठौर तथा अन्य ने सभी कार्मिकों को चुनाव सम्बन्धी विभिन्न बारीकियां बताई ।
