अल्मोड़ा। सोमेश्वर क्षेत्र के ग्राम रस्यारागांव में हुए दिव्यांग व्यक्ति के जघन्य हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा के निर्देशन में गठित टीम ने करबला तिराहे अल्मोड़ा से आरोपी को धर दबोचा। मामले के सफल अनावरण पर एसएसपी ने पुलिस टीम को एक हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
घटना का विवरण
दिनांक 24 जनवरी 2026 को कोतवाली सोमेश्वर क्षेत्र के ग्राम रस्यारागांव में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। मृतक की पहचान कुन्दन राम (दिव्यांग) के रूप में हुई। 25 जनवरी 2026 को मृतक के भाई हरीश राम की तहरीर के आधार पर आरोपी दीपक पांडे के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 04/2026 धारा 103(1)/352 बीएनएस एवं 3(1)(द)/3(1)(घ)/3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अल्मोड़ा द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के पर्यवेक्षण एवं सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण, सुरागरसी, पतारसी तथा सर्विलांस व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। लगातार प्रयासों के बाद 15 फरवरी 2026 को आरोपी दीपक को करबला तिराहा अल्मोड़ा से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 18 जनवरी 2026 की शाम दुकान से घर जाते समय रास्ते में मृतक से आपसी कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर उसने पत्थर से मृतक के सिर पर वार कर दिया। घटना के बाद गिरफ्तारी के डर से वह गाजियाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली और वाराणसी में छिपता रहा। पैसे खत्म होने पर वह अल्मोड़ा अपने परिचितों से धन लेने पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।बरामदगीपुलिस ने आरोपी के घर से घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
पुलिस टीम को पुरस्कारमामले का सफल खुलासा करने पर एसएसपी अल्मोड़ा ने कोतवाली सोमेश्वर एवं एसओजी टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों को 1000 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
