अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ की जनपद कार्यकारिणी के आह्वान पर लोक निर्माण विभाग रानीखेत के अभियंताओं के निलंबन के विरोध में अधीक्षण अभियन्ता कार्यालय परिसर, अल्मोड़ा में संघ के सदस्यों ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
संघ के सदस्यों ने कहा कि उत्तराखण्ड शासन एवं प्रमुख अभियन्ता द्वारा अभियंताओं को बिना किसी स्पष्टीकरण के निलंबित किया गया है, जो पूरी तरह अनुचित है।
निलंबन आदेश को तुरंत वापस लेने की मांग करते हुए अभियंताओं ने चेतावनी दी कि यदि आदेश को जल्द वापस नहीं लिया गया, तो प्रदेशभर के डिप्लोमा इंजीनियर कार्य बहिष्कार, अनिश्चितकालीन हड़ताल और व्यापक आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। इसका पूरा दायित्व शासन–प्रशासन और उच्चाधिकारियों का होगा।
विरोध कार्यक्रम में संघ के जनपद अध्यक्ष इं. गणेश चन्द्र जोशी, जनपद सचिव इं. कमल शाह, मंडल सचिव इं. हिमांशु जोशी, मंडल वित्त मंत्री इं. रवि दानी, मंडल उपाध्यक्षा (महिला) इं. रिनि पाण्डे, इं. आलोक ओली, इं. सुरेश पौडियाल, इं. बी.सी. जोशी, इं. हर्शिता सुप्याल इं. अंकित सिंह, इं. भरत मेहरा, इं. प्रदीप जोशी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
