अल्मोड़ा नगर से लगे सिकुड़ा क्षेत्र में 02 जनवरी मंगलवार की सुबह खाई में एक व्यक्ति के शव मिलने से सनसनी फैल गयी। युवक बीते दो दिन से लापता चल रहा था। मिली हुई जानकारी अनुसार हवालबाग विकासखंड के ग्राम पंचायत बिरौड़ा निवासी प्रकाश राम उम्र 32 साल पुत्र राजन राम बीते 31 दिसंबर से लापता चल रहा था। इस मामले को लेकर परिजनों ने अल्मोड़ा कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है, कि युवक थर्टी फर्स्ट की पार्टी कर अपने कुछ दोस्तों के साथ घर वापस लौट रहा था। इस बीच युवक और उसका दोस्त ललित खाई में गिर गया। ललित ने अर्धबेहोशी की हालत में परिजनों को फोन किया तो परिजन उसे वहां से ले गए, लेकिन प्रकाश का कहीं पता नहीं चला। इधर, मंगलवार सुबह युवक का शव धारानौला स्थित सिकुड़ा बैंड के पास खाई पर पड़ा मिला। सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया। कोतवाल अरूण कुमार ने बताया कि युवक के परिजनों की ओर से गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।
