खुजरानी गांव के लोगों के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सात करोड़ रुपये की लागत से खिड़ा से खजुरानी तक सड़क बनने से खुजरानी, खीड़ा, गोदी, बगड़ी, छितार आदि गांवों की दो हजार से अधिक की आबादी की समस्या का समाधान हुआ। सड़क के अस्तित्व में आने से अब ग्रामीणों को चौखुटिया बाजार पहुंचे के लिए 10 किमी पैदल सफर करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।पीएमजीएसवाई के तहत खिड़ा से खजुरानी तक 18.4 किमी सड़क का निर्माण होने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। करीब सात करोड़ 32 लाख रुपये से सड़क के धरातल पर उतरने से विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जगी है। यह सड़क इन गांवों को चौखुटिया और बछुवाबाण (चमोली) मुख्य सड़क से जोड़ेगी। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। क्षेत्र के लोगों को चिकित्सा, शिक्षा, परिवहन जैसी बुनियादी जरूरतों से वंचित नहीं होना पड़ेगा। किसान अपने उत्पादों को आसानी से बाजार तक पहुंचा सकेंगे। गांव तक सड़क पहुंचने से अब वहां विकास कार्य भी तेजी से हो सकेंगे।
