भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कांग्रेस पार्टी द्वारा केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा के खिलाफ किए गए पुतला दहन और बयानों को पूरी तरह झूठा व भ्रामक करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ के लिए जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। नयाल ने बताया कि क्वारब क्षेत्र की समस्या का स्थायी समाधान केवल केंद्रीय मंत्री के प्रयासों से संभव हुआ है। उनके निरंतर प्रयासों से केंद्र सरकार ने स्लाइडिंग ज़ोन ट्रीटमेंट के लिए ₹51 करोड़ की राशि स्वीकृत की, जिसमें आधे से अधिक कार्य पहले ही संपन्न हो चुका है। इसी क्रम में ₹10.23 करोड़ की लागत से डोबा-चौसली तक डाइवर्जन मार्ग स्वीकृत हुआ है, जो सीधे क्वारब एंड से जुड़ रहा है। इसके साथ ही बाईपास रोड निर्माण की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और कार्य तेजी से प्रगति पर है। यह स्थायी समाधान क्षेत्र की जनता को दीर्घकालिक राहत प्रदान करेगा। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग द्वारा बाईपास सड़क के लिए धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है। ऐसे में कांग्रेस का यह कहना कि जनहित की उपेक्षा की जा रही है, केवल असत्य प्रचार है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस द्वारा केंद्रीय मंत्री के बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश करना जनता का अपमान है। भाजपा जनता की सेवा और विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की राजनीति से ऊपर उठकर काम कर रही है। महेश नयाल ने कांग्रेस से अपेक्षा की कि वह निराधार बयानबाज़ी बंद कर रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन प्रयासों से क्षेत्र के लिए करोड़ों की धनराशि स्वीकृत हुई है, उसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सकारात्मक सहयोग करना चाहिए। भाजपा ने कांग्रेस द्वारा किए जा रहे पुतला दहन और गुमराह करने वाली राजनीति की कड़ी निंदा की है।
