अल्मोड़ा में नगर निगम द्वारा बनाए गए हाइटेक महिला शौचालय के अब तक चालू न होने पर कांग्रेस ने कड़ी नाराज़गी जताई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि दो माह पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसका उद्घाटन किया था, लेकिन आज तक इसका लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है।भोज ने कहा कि यह ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार का कमाल है कि केंद्र, राज्य और नगर निगम—तीनों जगह भाजपा की सत्ता होने के बावजूद अल्मोड़ा शहर एक महिला शौचालय की सुविधा से वंचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की लापरवाही के कारण महिलाओं को असुविधा झेलनी पड़ रही है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर महिला शौचालय को सुचारू रूप से जनता के लिए नहीं खोला गया तो कांग्रेस स्वयं ताला तोड़ने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ताला खोलकर इसे अल्मोड़ा वासियों के उपयोग में लाएगी, और इसकी ज़िम्मेदारी नगर निगम व जिला प्रशासन की होगी।
