अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में बीते कई महीनों से ब्लड बैंक की मांग की जा रही है। लेकिन अभी तक मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक नहीं खुल सका है। जिसका सीधा असर जिले की जनता पर पड़ रहा है। आए दिन ब्लड की कमी के चलते यहां विवाद देखने के लिए मिल रहे है। इसके बावजूद भी सरकार ब्लड बैंक की स्थापना करने में लगातार देरी कर रही है जिसको देखते हुए कांग्रेस विधायक मदन बिष्ट और मनोज तिवारी ने पांच दिवसीय धरने पर बैठने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि तमाम निवेदन के बाद भी सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। जिले की जनता के लिए वह आगे आकर मेडिकल कॉलेज में धरने पर बैठेंगे। बीते रविवार को अल्मोड़ा पहुंचे द्वाराहाट विधायक मदन बिष्ट ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण कांग्रेस सरकार ने करवाया था, लेकिन भाजपा सरकार इस में एक अदद ब्लड बैंक तक नहीं खुलवा पा रही है। मेडिकल कॉलेज का संचालन ब्लड बैंक के बिना संभव ही नहीं है। कहा कि वह सरकार को सैकड़ों यूनिट ब्लड उपलब्ध करवाने को तैयार हैं, लेकिन कम से कम सरकार ब्लड स्टोरेज की व्यवस्था तो करे। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि सरकार की अनदेखी का नतीजा है कि गंभीर मरीज आए दिन रेफर हो रहे हैं। कुछ मरीज जान तक गवां चुके हैं। इसके बाद भी सरकार आंख बंदकर बैठी हुई है। कहा कि मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक खुलवाने को वह जल्द ही पांच दिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगे। जल्द ही इसकी तारीख तय कर ली जाएगी। प्रदर्शन में अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल, जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज सहित तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।
