कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने नकल विरोधी कानून पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पेपर लीक की घटना ने भाजपा सरकार की पोल खोल दी है। भोज ने आरोप लगाया कि जिस कानून का भाजपा ने खूब प्रचार-प्रसार किया और खुद की पीठ थपथपाई, उसकी पहली ही परीक्षा में असफलता सामने आ गई। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में भाजपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह को संरक्षण मिल रहा है, जो गंभीर सवाल खड़े करता है। भोज ने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय मजिस्ट्रेट जांच कराई जाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के साथ बड़ा मजाक किया है और इसका जवाब जनता 2027 के चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा देने की मांग की और आरोप लगाया कि आज पूरा प्रदेश भ्रष्टाचार की चपेट में है।
