अल्मोड़ा जिले के रानीखेत में स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक चौनलिया में क्षेत्र के लोगों की लंबी मांग के बाद अब प्राविधिक शिक्षा परिषद ने कंप्यूटर साइंस के संचालन की स्वीकृति दे दी है। स्वीकृति मिलने के बाद राजकीय पॉलिटेक्निक चौनलिया में इसी सत्र से कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं संचालित होंगी। वर्ष 2024-25 में इस विषय में 30 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। चौनलिया में वर्ष 2008 में राजकीय पॉलिटेक्निक का संचालन शुरू हुआ था। शुरुआत में इस संस्थान में सिविल इंजीनियरिंग कोर्स का संचालन कर 60 सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया। तब से आज तक तक यहां एक ही ट्रेड संचालित हो रहा है। युवा और क्षेत्र के लोग लंबे समय से यहां कंप्यूटर साइंस और फार्मेसी ट्रेड संचालित करने की मांग कर रहे थे। आखिरकार प्राविधिक शिक्षा परिषद ने इस सत्र से यहां कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं संचालित करने की अनुमति दी है।
