प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सोमवार को डोल आश्रम पहुंचकर श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के श्री पीठम स्थापना महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने 1100 कन्याओं का पूजन किया, साथ ही माँ राजेश्वरी का अभिषेक व पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश की सुख समृद्वि की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डोल आश्रम में आकर हमेशा ही उन्हें एक दिव्य ऊर्जा का अहसास होता है । बाबा कल्याणदास महाराज ने आश्रम में जिस प्रकार से श्रीयंत्र स्थापित किया है, आने वाले समय में केवल भारतवर्ष ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण विश्व के लोग इस आश्रम में शान्ति, आध्यात्म और संस्कृति को जानने के लिए आयेंगे। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को बुद्व पूर्णिमा की बधाई दी और महात्मा बुद्व के धर्म, शान्ति एवं अंहिसा के मार्ग पर चलने को कहा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार मानसखंड माला मिशन के माध्यम से समस्त मंदिरों को अवस्थापना सुविधाओं से जोड़ रही है , ताकि आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके। इस अवसर पर पूज्य महाराज कल्याणदास ने सभी उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमें अपनी जन्मभूमि के लिए बेहतर कार्य करने होंगे। हमें बुरे व्यसनों को त्याग कर आध्यात्म को अपनाना होगा तभी हमारा जीवन एवं समाज सुख समृद्वि प्राप्त कर पायेगा।
यह लोग रहे उपस्थित –
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग , अजय टम्टा, विधायक जागेश्वर मोहन सिंह मेहरा, अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं अनेक अखाड़ों के महंत, अनेक जनप्रतिनिधि एवं श्रद्वालु उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का संचालन स्वामी विश्वेश्वर नंद महाराज ने किया।
