अल्मोड़ा। नगर व्यापार मंडल अल्मोड़ा के पदाधिकारियों ने मेयर अजय वर्मा और नगर आयुक्त से मुलाकात कर व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया।त्योहारी सीजन को देखते हुए व्यापार मंडल ने व्यापारियों को राहत देने की मांग की।
इस पर मेयर अजय वर्मा ने त्योहारों के मद्देनज़र सहमति जताते हुए संतुलित समाधान का आश्वासन दिया।नगर निगम और नगर आयुक्त का कहना है कि बाजार में कई दुकानों के आगे 5 से 6 फीेट तक अतिक्रमण किया गया है तथा कुछ व्यापारियों द्वारा अस्थायी फड़ भी लगाए गए हैं।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाजार में एक निर्धारित सीमा तक लाइन खींची जाएगी और उसके आगे सामान रखने पर चालान की कार्रवाई की जाएगी।वहीं व्यापार मंडल ने मांग की कि एक तय सीमा तक सभी व्यापारियों को छूट दी जाए।
पदाधिकारियों ने कहा कि यदि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न किया गया तो व्यापार मंडल आमने-सामने की लड़ाई लड़ने से पीछे नहीं हटेगा।व्यापार मंडल का कहना है कि व्यापारी वर्षों से अपनी दुकानों के आगे अस्थायी रूप से सामान रखते आए हैं, जो स्थायी अतिक्रमण नहीं है।
साथ ही, यदि व्यापारी निर्धारित स्थान तक सामान लगाता है तो वह तहबाजारी के रूप में नगर निगम को टैक्स भी देता है।व्यापारियों ने यह भी मांग उठाई कि नगर निगम को अतिक्रमण के साथ-साथ बाजार की दुर्दशा, विद्युत व्यवस्था, बंदरों व आवारा पशुओं से हो रही परेशानी पर भी ध्यान देना चाहिए। उनका कहना है कि निगम की आय का बड़ा हिस्सा व्यापारियों से ही आता है, इसलिए उनका उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में अध्यक्ष अजय वर्मा, महासचिव वकुल शाह, महिला उपाध्यक्ष जय शाह, उपाध्यक्ष मुकुल जोशी, नरेंद्र शाह और नगर उप सचिव अश्विनी नेगी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे ।
