जनपद अल्मोड़ा के निवर्तमान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी को उनके स्थानांतरण के उपलक्ष्य में आज विकास भवन सभागार में एक भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारियों ने मुख्य विकास अधिकारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विकास कार्यों को गति देने में उल्लेखनीय योगदान दिया। दिवेश शाशनी द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित में लिए गए निर्णयों की सराहना करते हुए सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में उन्हें स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। विदाई समारोह में पहुंचे जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने भी मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी को उनके स्थानांतरण होने पर शुभकामनाएं दी और माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया। वहीं, विदाई समारोह में उपस्थित अल्मोड़ा नगर निगम के मेयर अजय वर्मा ने भी मुख्य विकास अधिकारी को उनके स्थानांतरण पर बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्य विकास अधिकारी ने अपने उद्बोधन में जनपद में अपने कार्यकाल को एक सुखद अनुभव बताते हुए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनता का सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस कार्यक्रम का संचालन लेखाकार वीरेंद्र बिष्ट द्वारा किया गया।
