अल्मोड़ा/सोमेश्वर। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया और प्रभावित लोगों की स्थिति का जायजा लिया। लगातार तीन दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते कई इलाकों में आपदा जैसे हालात बन गए हैं। ऐसी परिस्थितियों के बीच कैबिनेट मंत्री ने संवेदनशील स्थानों पर रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए। बारिश के बावजूद रेखा आर्या ने बुधवार सुबह से ही विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मौके से ही जिला प्रशासन, राजस्व व अन्य विभागीय अधिकारियों को फोन कर त्वरित राहत और पुनर्वास कार्यों के निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री को कई ऐसे परिवार मिले जो भूस्खलन और जलभराव की आशंका वाले संवेदनशील स्थानों पर रह रहे थे। उन्होंने इन परिवारों को उनके सामान सहित सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करवाया। रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और हर प्रभावित व्यक्ति तक राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिन लोगों को प्राकृतिक आपदा के कारण नुकसान हुआ है, सरकार उनकी हर संभव सहायता करेगी।
