हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम के सभागार में आज बुधवार को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अल्मोड़ा जनपद में चयनित की गई सैकड़ो आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने हाल ही में पूरे प्रदेश में 6330 आंगनबाड़ी सहायिकाओं और 722 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों यानी कुल मिलाकर 7052 पदों पर भर्ती की है । इनमें से 562 नियुक्ति अल्मोड़ा जनपद में की गई है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश में पहली बार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की भर्ती ऑनलाइन मोड में आयोजित की गई और इस पूरी प्रक्रिया को सिर्फ 3 महीने के समय में पूरा कर लिया गया। अब विभाग में आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिका के रूप में उच्च शिक्षित लड़कियां और महिलाएं आ रही हैं, जिससे निश्चित रूप से विभाग की कार्य क्षमता और कुशलता में बढ़ोतरी होगी। अल्मोड़ा जनपद में 50 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 512 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। जनपद में 800 से ज्यादा रिक्तियां थी। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाकी पदों के लिए भी प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरा करके नियुक्ति पत्र प्रदान करें।
