भतरौंजखान से बेतालघाट के बीच चलने वाली रोडवेज और केमू की बस सेवाएं लंबे समय से बंद हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। भतरौंज, नौघर, च्यूनी, बिनकोट, सून्नसायरी, नौगां, जोशीखोला और डाबर जैसे गांवों से प्रतिदिन सैकड़ों लोग इस रूट पर यात्रा करते हैं, जिनमें छात्र-छात्राएं, नौकरीपेशा, व्यापारी और आम ग्रामीण शामिल हैं। बस सेवाएं ठप होने के कारण यात्रियों को महंगे निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है। कई बार उन्हें घंटों तक वाहन का इंतजार करना पड़ता है, और वाहन न मिलने की स्थिति में मीलों का सफर पैदल तय करना मजबूरी बन जाता है। इससे न सिर्फ आर्थिक बोझ बढ़ा है, बल्कि बुजुर्गों और छात्रों को खासा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस रूट पर बस सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जाए, ताकि आम लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही में सुविधा हो सके।
