अल्मोड़ा। द्वाराहाट क्षेत्र में चुनावी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग की वारदात का पुलिस ने महज़ 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 15 अगस्त 2025 को वादी कैलाश भट्ट ने थाने में तहरीर दी थी कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव के बाद दीपक किरौला, सोनू धमेला, गौरव नेगी और अन्य ने षड्यंत्र रचते हुए उनके होटल में घुसकर रिवॉल्वर से गोली चलाकर हत्या का प्रयास किया तथा गाली-गलौच व जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना द्वाराहाट में एफआईआर दर्ज की गई थी। एसएसपी अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एएसपी हरबंस सिंह, सीओ रानीखेत विमल प्रसाद और थानाध्यक्ष द्वाराहाट अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आस-पास के 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके आधार पर हमलावरों का सुराग लगाते हुए पुलिस ने 16 अगस्त की सुबह करबला क्षेत्र में बेस अस्पताल रोड से संदिग्ध स्कॉर्पियो (UK04V7997) में सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी-
1. राहुल रावत (23 वर्ष), निवासी ग्राम फतेहपुर, थाना मुखानी, जिला नैनीताल।
2. महेन्द्र सिंह घनेला उर्फ सोनू घनेला (29 वर्ष), निवासी ग्राम पिठोली, थाना मुक्तेश्वर, जिला नैनीताल।
3. कमल पालीवाल (23 वर्ष), निवासी ग्राम पनियाली कटथरिया, थाना मुखानी, जिला नैनीताल।
पूछताछ में महेंद्र सिंह घनेला ने कबूल किया कि फायरिंग में प्रयुक्त रिवॉल्वर उसने हल्द्वानी लौटते वक्त भीमताल झील में पुलिस चेकिंग के डर से फेंक दिया था।आरोपी महेंद्र सिंह घनेला का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
