अल्मोड़ा नगर में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा को शराब बार के खिलाफ गुस्साए खत्याड़ी के लोगों का गुस्सा झेलना पड़ा। लोगो ने केंद्रीय राज्य मंत्री का खत्याड़ी के पास काफिला रोक उनके के सामने ही शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। सोमवार रात करीब नौ बजे केंद्रीय राज्य मंत्री टम्टा सोमेश्वर से अल्मोड़ा की ओर आ रहे थे। इसकी भनक खत्याड़ी के लोगों को लग गई। कुछ ही देर में महिलाओं सहित लोगों की भीड़ लोअर माल रोड सड़क पर जमा हो गई। इसी बीच टम्टा का काफिला भी मौके पर पहुंच गया। लोगों ने बीच सड़क खड़े होकर टम्टा का काफिला रोक दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। काफी देर तक लोग आक्रोश जताते रहे। बाद में लोगों ने टम्टा को ज्ञापन सौंपा और बार को बंद करवाने की मांग की। लोगों के मुताबिक केंद्रीय राज्य मंत्री टम्टा ने डीएम से फोन पर बात की और बार को बंद करवाने के निर्देश दिए। तब जाकर लोग शांत हुए।
