अल्मोड़ा। खड़कूना निवासी पूर्व सैनिक नीरज लोहनी के पुत्र मयंक लोहनी ने कंबाइंड डिफेंस सर्विस (CDS) परीक्षा में पूरे देश में तीसरी रैंक प्राप्त कर बड़ा कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी इस उपलब्धि से न सिर्फ खड़कूना, बल्कि पूरे तल्ला तीखून क्षेत्र में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई है। मयंक के पिता नीरज लोहनी कुमाऊं रेजिमेंट से सेवानिवृत्त होकर वर्तमान में मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि माता चंचल लोहनी एक कुशल गृहिणी हैं। उनके ताऊ शास्त्री गिरीश लोहनी पं. गो. शर्मा इंजीनियरिंग कॉलेज, ज्योली में प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। मयंक की प्रारंभिक शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल, अल्मोड़ा से हुई। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता और गुरुजनों को समर्पित किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर पूरे क्षेत्रवासियों ने गर्व जताते हुए मयंक और उनके परिवार को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
