अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी ब्लॉक के गांव इन दिनों तेंदुए की दहशत में जी रहे हैं। चामी ग्राम पंचायत के नगाड़ तोक में एक तेंदुआ घर में घुस आया और महिला के सिर पर पंजे से हमला कर दिया। शोर मचने पर तेंदुआ वहां से भाग गया। घायल महिला को ग्रामीण तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।घटना 9 अगस्त की रात रक्षाबंधन के दिन की है। खाना खाने के बाद विशन दत्त पांडेय, उनकी पत्नी हेमा पांडेय और पुत्र पवन पांडेय टीवी देख रहे थे। तभी अचानक तेंदुआ कमरे में घुस आया और हेमा देवी के सिर पर पंजा मार दिया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिससे तेंदुआ भाग निकला। हेमा पांडे को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) धौलादेवी ले जाया गया, जहां उनके सिर पर गहरे जख्म का उपचार किया गया। टांके की आवश्यकता नहीं पड़ी, लेकिन उन्हें रोज पीएचसी जाकर इंजेक्शन लगवाना पड़ रहा है।
