अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत गजार के पास एक कार बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे असंतुलित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चालक सहित चार लोग घायल हो गए, हालांकि सभी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसा चौखुटिया-जौरासी मोटर मार्ग पर गजार-सिर्दा गांव के पास गोहतणा नामक स्थान पर हुआ। जानकारी के अनुसार, मासी-चौना निवासी गिरीश चंद्र अपनी पत्नी और माता के साथ कार से जौरासी स्थित रिश्तेदार के घर जा रहे थे। सड़क खड़कतया से आगे सिर्दा के पास टूटी हुई थी, जिससे वाहन असंतुलित होकर करीब 10 मीटर गहरी खाई में गिर गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सीएचसी चौखुटिया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। सामाजिक कार्यकर्ता मोहन सिंह ने बताया कि सिर्दा गांव के पास सड़क पिछले दो वर्षों से क्षतिग्रस्त है, जिसकी मरम्मत के लिए कई बार अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है।
