अल्मोड़ा जिले के अरतोला क्षेत्र से दो किमी दूर गुनाई (खोला) में 28 जून से लापता चल रहे 80 वर्षी बुजुर्ग का शव मंगलवार को जंगल में फंदे से लटका मिला। इस घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है। गांव पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक 80 वर्षीय गंगा सिंह बिष्ट बीते 28 जून की सुबह करीब पांच बजे घर पर बिना बताए कहीं चले गए थे। देर तक घर नहीं लौटने पर उनकी खोजबीन शुरू हो गई थी। तमाम कोशिशों के बाद भी उनका सुराग नहीं लग पाया था। थक हार के परिजनों ने दन्या थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस भी लगातार उन्हें खोजने में जुटी हुई थी। आरतोला निवासी सामाजिक कार्यकर्ता जीवन सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर गंगा सिंह का शव घर के पास जंगल में फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। दन्या थाना एसओ विजय नेगी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनाने की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में सामने आया है कि मृतक मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
