धौलछीना (अल्मोड़ा)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की ड्यूटी पूरी होने के बाद धौलछीना क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में रुके दो शिक्षकों के बीच आपसी विवाद खूनी झड़प में तब्दील हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों शिक्षक शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद एक-दूसरे से मारपीट करने लगे।मारपीट इतनी बढ़ गई कि दोनों घायल हो गए, जिसमें एक शिक्षक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को 108 एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अल्मोड़ा जिला अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षक बृहस्पतिवार को पंचायत चुनाव की मतगणना ड्यूटी में तैनात थे और ड्यूटी समाप्त होने के बाद एक ही स्कूल में ठहरे थे। शराब के सेवन के बाद आपसी बहस ने उग्र रूप ले लिया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। फिलहाल किसी भी पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत नहीं दी है, लेकिन पुलिस ने दोनों शिक्षकों को थाने में तलब किया है। इस मामले पर एसएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
