पर्वतीय जनपद अल्मोड़ा की बिंदु भंडारी ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए “प्राइड ऑफ इंडिया – मिसेज़ इंडिया 2025” का ताज अपने नाम कर लिया। राजधानी दिल्ली के रैडिसन ब्लू, द्वारका सेक्टर-13 में 17 सितंबर को आयोजित ग्रैंड फिनाले में बिंदु ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और सामाजिक सोच से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। देशभर से आई प्रतिभागियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए बिंदु भंडारी ने न केवल मंच पर चमक बिखेरी, बल्कि उत्तराखंड का नाम भी रौशन किया। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में उन्होंने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक सरोकारों पर आधारित विचारों से जजों का दिल जीत लिया। आयोजकों ने उन्हें “महिला सशक्तिकरण की प्रेरणा” करार देते हुए विशेष सम्मान प्रदान किया। अपनी उपलब्धि पर बिंदु भंडारी ने कहा यह जीत केवल मेरी नहीं, बल्कि उन सभी महिलाओं की है जो अपने सपनों को सच करने का साहस रखती हैं। मैं यह सम्मान अल्मोड़ा और पूरे उत्तराखंड को समर्पित करती हूं। उनकी सफलता की खबर मिलते ही अल्मोड़ा और राज्यभर में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग बिंदु को शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनकी उपलब्धि को महिला शक्ति के लिए प्रेरणास्रोत मान रहे हैं।
