अल्मोड़ा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज ने अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे जघन्य अपराध पर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा कांग्रेस का पुतला दहन किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण, शर्मनाक और जनभावनाओं का अपमान बताया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आज भी अंकिता को न्याय मिलने का इंतजार कर रही है, लेकिन भाजपा इस गंभीर मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए ओछी राजनीति कर रही है।भूपेन्द्र सिंह भोज ने कहा कि भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह कांग्रेस का पुतला जलाकर किस सच्चाई को छुपाना चाहती है।
अंकिता भंडारी की हत्या भाजपा शासनकाल में हुई, आरोपी भाजपा से जुड़े रहे और पूरे प्रकरण में प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिशें होती रही हैं। आज तक निष्पक्ष जांच नहीं हो पाई, जो बेहद चिंताजनक है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का यह कृत्य इस बात का प्रमाण है कि वह न तो पीड़िता को न्याय दिलाना चाहती है और न ही सच्चाई को सामने आने देना चाहती है।
कांग्रेस शुरू से ही इस मामले में सीबीआई जांच, दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा तथा पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने की मांग करती रही है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को कांग्रेस पर उंगली उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
पहले वह यह बताए कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में प्रभावशाली लोगों को संरक्षण क्यों दिया गया, सबूतों से छेड़छाड़ क्यों हुई और आज तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच क्यों नहीं हो सकी।उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सल्ट, चम्पावत और लालकुआं में हुई बलात्कार की घटनाओं में भाजपा के मंडल अध्यक्ष पकड़े गए, मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी साहू द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान पर भाजपा महिला मोर्चा की चुप्पी उसका दोहरा चरित्र उजागर करती है।
केवल अपने दुष्कर्मी नेताओं को बचाने के लिए कांग्रेस का पुतला दहन किया जा रहा है।भूपेन्द्र सिंह भोज ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा ने इस संवेदनशील मामले में राजनीति करना बंद नहीं किया और दोषियों को बचाने का खेल जारी रखा तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा चाहे जितने पुतले जला ले, कांग्रेस पार्टी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई तब तक जारी रखेगी जब तक इस जघन्य अपराध के सभी दोषियों को सजा नहीं मिल जाती।
