अल्मोड़ा और देश को गौरवान्वित करने वाले एशियन गेम्स कांस्य पदक विजेता अखिलेश सिंह के सम्मान में स्प्रिंग डेल्स स्कूल, अल्मोड़ा में एक भव्य स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अखिलेश इसी विद्यालय के पूर्व छात्र हैं और उन्होंने इसी वर्ष बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे चौहानबाटा से एक भव्य स्वागत रैली के साथ हुई, जो स्प्रिंग डेल्स स्कूल तक पहुँची। स्कूली छात्रों ने हाथों में प्रेरणादायक स्लोगन और फूल-मालाएं लिए जोशपूर्ण ढंग से अपने आदर्श खिलाड़ी का स्वागत किया। विद्यालय प्रांगण में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्रों ने देशभक्ति और स्वागत गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। इसके साथ ही, छात्रों ने अखिलेश से उनके संघर्ष और सफलता से जुड़े सवाल भी पूछे। प्रधानाचार्या ज्योत्सना सोहनलाल ने अपने संबोधन में कहा, “अखिलेश केवल अल्मोड़ा ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए गौरव का विषय हैं। उनकी मेहनत और उपलब्धि सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।” अपने संबोधन में अखिलेश ने कहा, “मेरे इस मुकाम तक पहुँचने में मेरे परिवार, बहन, शिक्षकों और विशेष रूप से स्प्रिंग डेल्स स्कूल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस स्कूल ने हमेशा मुझे हर ज़रूरत के समय सहयोग प्रदान किया है। यह आयोजन न केवल अखिलेश के सम्मान का प्रतीक था, बल्कि यह बच्चों को भी यह संदेश देने वाला था कि सपने मेहनत से पूरे किए जा सकते हैं।
