अल्मोड़ा,। विकासखंड लमगड़ा मुख्यालय में क्षेत्र पंचायत की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विकासखंड क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं, जनसमस्याओं तथा विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
साथ ही अधिकारियों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी जनप्रतिनिधियों को दी गई, ताकि इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंच सके।बैठक की शुरुआत में यह भी सामने आया कि कुछ निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के स्थान पर उनके प्रतिनिधि उपस्थित हुए थे।
इस पर सदन के सदस्यों ने आपत्ति जताई और निर्णय लिया गया कि क्षेत्र पंचायत की बैठकों में नियमानुसार केवल निर्वाचित जनप्रतिनिधि ही शामिल होंगे।बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख त्रिलोक सिंह रावत ने की।
बैठक में विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, उप जिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल, खंड विकास अधिकारी निवेदिता खुल्बे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
