अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खतरा बनरही क्वारब की पहाड़ी और आए दिन लग रहे कैंची धाम में जाम की समस्या से आक्रोशित कांग्रेसियों ने गुरुवार को डीएम कार्यालय कूच किया। 12:30 बजे जुलूस के साथ कांग्रेसी कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां एसएसपी देवेंद्र पींचा के निर्देशन में सीओ जीडी जोशी के नेतृत्व में पहले से पुलिस बल तैनात था। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर बैरियर लगे थे। लेकिन कुछ ही देर में सभी बड़े नेताओं के साथ तमाम कांग्रेसी सुरक्षा घेरा पार कर अंदर घुस आए और धरने पर बैठ गए। करीब 45 मिनट तक अंदर धरना प्रदर्शन रहा। बाद में डीएम आलोक कुमार पांडेय धरना स्थल पहुंचे। उनको ज्ञापन देने के बाद मामला शांत हो पाया। क्वारब और कैंची मुद्दे को लेकर कांग्रेसियों का डीएम दफ्तर कूच कार्यक्रम पहले से तय था। कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, विधायक मनोज तिवारी, विधायक मदन सिंह बिष्ट सहित कई कार्यकर्ता अल्मोड़ा पहुंचे हुए थे।
