लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड की कार्य शैली से आक्रोशित कांग्रेस जनों ने आज बुधवार को अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग के प्रांगण में तंबू लगा कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग प्रान्तीय खण्ड के अधिशासी अभियंता के द्वारा दस करोड़ तेईस लाख की धनराशि से चौंसली डोबा मोटर मार्ग किलोमीटर दो से वैकल्पिक लिंक मोटर मार्ग का कार्य बिना टेंडर अपने चहेतों को देकर नियम कानून की धज्जियां उड़ा दी है।उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने अपने इस कृत्य से भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। उन्होंने कहा कि बिना टेंडर किए नियमों को ताक पर रखकर लोक निर्माण विभाग का द्वारा अपने चहेतों को करोड़ों का यह कार्य देना स्पष्ट करता है कि विभागीय अधिकारी अपने पदों का दुरूपयोग करते हुए अपने लाभ के लिए सरकारी धन की बंदरबांट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज से उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के कार्यालय में टैंट लगाकर धरना प्रारंभ कर दिया है और यह धरना तब तक निरन्तर जारी रहेगा जब तक इस मनमाने तरीके से किए कार्य को बन्द कर उक्त कार्य के टेंडर नहीं निकाल दिए जाते। उन्होंने कहा कि इस नियम विरुद्ध किए कार्य के लिए जिम्मेदार लोक निर्माण विभाग प्रान्तीय खण्ड के अधिशासी अभियंता पर भी कार्यवाही की जाए।
