अल्मोड़ा में बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। सोमवार को सीडीओ रामजी शरण शर्मा ने कलेक्ट्रेट में बैठक कर हालात की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 21 अगस्त तक जिले में बाहर से आने वाली मुर्गियों और अंडों पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। स्थानीय काश्तकारों को भी सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। सीडीओ ने बताया कि फिलहाल जिले में बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए एहतियाती कदम उठाना जरूरी है। इसी के तहत जिले की सीमाओं पर मुर्गियों और अंडों के व्यापार पर प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि संक्रमण की संभावना को रोका जा सके।
