अल्मोड़ा। डिजिटल इंडिया अभियान के तहत अब अल्मोड़ा मंडल के डाकघरों में भी अत्याधुनिक तकनीक की शुरुआत होने जा रही है। 22 जुलाई से डाक विभाग एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी सिस्टम को लागू करेगा, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक सुरक्षित और उन्नत सेवाएं मिलेंगी। इस तकनीकी बदलाव को लागू करने के लिए 21 जुलाई को सभी डाकघरों में लेन-देन की सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी। इस दिन सिस्टम अपडेट और डेटा माइग्रेशन का कार्य किया जाएगा। नए सिस्टम के तहत ग्राहकों को तेज, विश्वसनीय और डिजिटल सेवाएं प्रदान की जाएंगी। डाकघर अधीक्षक ने ग्राहकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि इससे भविष्य में अधिक सशक्त और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
