इस वर्ष होने वाले मां नंदा देवी मेला 2025 को ऐतिहासिक और विशेष बनाने की दिशा में प्रशासन व मेला समिति ने कमर कस ली है। मेले के आयोजन स्थल के रूप में नगर के एडम्स गर्ल्स इंटर कॉलेज मैदान को चुना गया है, जहां सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी संचालित होंगी। तैयारियों की रूपरेखा को लेकर उपजिलाधिकारी संजय कुमार, शिक्षा अधिकारी डॉ. हरीश रौतेला, मेला अध्यक्ष मनोज वर्मा और मंदिर समिति के प्रतिनिधियों सहित कई अधिकारी मैदान पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि मेले की गतिविधियों से छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। मेला अध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया कि नंदा देवी मेला सिर्फ आस्था का पर्व नहीं, बल्कि नगर की सांस्कृतिक धरोहर है। इसलिए इस बार आयोजन को और भी भव्य रूप देने की योजना बनाई गई है। सांस्कृतिक मंचों और प्रतिष्ठानों की प्रारंभिक रूपरेखा भी तय कर ली गई है। निरीक्षण में यातायात, सुरक्षा, विद्युत व जल आपूर्ति समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। विशेष रूप से डोले की शोभायात्रा के दौरान बाजार क्षेत्र में बिजली और संचार लाइनों को व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया। मंदिर समिति और पार्षदों ने मेले को और बेहतर ढंग से संपन्न करने के सुझाव दिए। वहीं, महिला सहभागिता बढ़ाने के लिए 20 अगस्त को नंदा देवी मंदिर परिसर में एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। नगरवासियों और श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर खासा उत्साह है। प्रशासन और समिति का कहना है कि इस बार का मेला अल्मोड़ा की परंपरा, संस्कृति और आस्था का भव्य संगम बनेगा।
