अल्मोड़ा जिले में तहसील क्षेत्र के कंगड़ी गांव से जुडी एक दिल दहला देने वाली दर्दनाक घटना सामने आ रही है। यहां किसी बात को लेकर हुए विवाद को लेकर चलते एक युवक ने अपनी 71 वर्षीया मां की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर गांव पहुंची राजस्व पुलिस टीम ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद हो गई है। वहीं, शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत के अस्पताल भेजा गया। मिली जानकारी के मुताबिक71 वर्षीया गावली देवी पत्नी मूसीराम भिकियासैंण-मानिला मोटर मार्ग पर बने अपने छोटे बेटे गोपाल राम के घर में रहती थी। उनका बड़ा बेटा 47 वर्षीय आनंद राम गांव में ही रहता था। बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह मां गावली देवी बड़े बेटे आनंद राम को सब्जी देने सड़क से करीब दो किमी दूर नैलवालपाली ग्रामसभा के कंगड़ी गांव गई थी। उनके साथ छोटे बेटे गोपाल की बेटी भी थी। इसी बीच आनंद राम और गावली देवी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आवेश में आए बेटे आनंद ने अपनी मां पर अचानक कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। यह देखकर छोटे बेटे की बेटी ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
