सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत आज सिमतोला ईको पार्क, अल्मोड़ा में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा उपस्थित रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुँचाना सभी की जिम्मेदारी है। मंत्री जी ने वृक्षारोपण के बाद पौधों की सुरक्षा को भी उतना ही महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में विशेष रूप से 108 से अधिक रुद्राक्ष, बेलपत्र, माल्टा, पदम, चमखड़क, नींबू और अन्य प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। राज्य मंत्री ने स्वयं रुद्राक्ष का पौधा लगाकर इस अभियान की शुरुआत की।विक्टर मोहन जोशी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और गुरु अकैडमी, पपरसली के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह ने पौधों की देखभाल और संरक्षण से संबंधित दिशा-निर्देश साझा किए। इस मौके पर राज्य महिला उद्यमिता परिषद की उपाध्यक्ष गंगा बिष्ट, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पिंचा, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, उप प्रभागीय वनाधिकारी काकुल पुण्डीर सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
