अल्मोड़ा। व्यापार मंडल पनुवानौला के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी अल्मोड़ा से उनके कार्यस्थल नवीन कलेक्ट्रेट भवन, पाण्डेखोला में मुलाकात कर पनुवानौला क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।गौरतलब है कि इससे पूर्व पनुवानौला में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर के दौरान भी जिलाधिकारी को जनसमस्याओं से संबंधित ज्ञापन दिया गया था।
समस्याओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने हेतु जिलाधिकारी द्वारा शिष्टमंडल को कार्यालय में आमंत्रित किया गया था।मुलाकात के दौरान पनुवानौला क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था, मुख्यमंत्री घोषणा से संबंधित कार्यों के दस्तावेज, हाईटेक शौचालय निर्माण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनुवानौला के उच्चीकरण तथा उरेडा विभाग द्वारा लगाई गई दो हाईमास्ट सोलर लाइटों का कार्य पूर्ण न किए जाने से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया गया।
साथ ही इन समस्याओं के समाधान के लिए पूर्व में किए गए प्रयासों एवं संबंधित विभागों से जुड़े सभी प्रपत्र भी प्रस्तुत किए गए।इसी क्रम में जिलाधिकारी कार्यालय अल्मोड़ा में ही पनुवानौला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण को लेकर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी अल्मोड़ा एवं उनकी टीम के साथ एक अलग बैठक भी आयोजित हुई।
शिष्टमंडल को आश्वासन दिया गया कि शीघ्र ही इन समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई देखने को मिलेगी।
इस अवसर पर देवेन्द्र बिनवाल, जिलाध्यक्ष व्यापार मंडल सुशील शाह, जिला उपाध्यक्ष व्यापार मंडल रवि बनौला, संयुक्त महामंत्री व्यापार मंडल दिनेश मठपाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष पनुवानौला गोपाल सिंह मेहता तथा मल्लीधौनी ग्राम प्रधान हरीश नेगी उपस्थित रहे।
