अल्मोड़ा,: जनसुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अल्मोड़ा पुलिस द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने जाखनदेवी क्षेत्र में सड़क घेरने के मामले में सख्त कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पाया कि ठेकेदार दीपक यादव द्वारा सड़क मार्ग पर निर्माण सामग्री (रेता) रखकर अतिक्रमण किया गया था।
इससे आम लोगों की आवाजाही बाधित हो रही थी और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी।पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटवाया और सड़क मार्ग को सुचारू कराया। साथ ही संबंधित ठेकेदार के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
अल्मोड़ा पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी व्यक्ति द्वारा सड़क या सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण किया गया तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
