अल्मोड़ा, 07 अप्रैल 2026।जनपद अल्मोड़ा में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन आगामी 10 अप्रैल 2026 को अपराह्न 01 बजे विकास भवन सभागार में किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री तथा सांसद अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ अजय टम्टा करेंगे।बैठक में केंद्र पोषित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की रिपोर्ट के साथ-साथ अद्यतन प्रगति विवरण भी प्रस्तुत करें।
परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण केएन तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
इसमें विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निगम अल्मोड़ा के महापौर, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।इस बैठक के माध्यम से जनपद में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन एवं समन्वय पर विशेष जोर दिया जाएगा।
